Railsandesh

  • बीकानेर रेलवे स्टेशन का नया भवन 9 नहीं  सिर्फ चार मंजिला बनेगा 

    बीकानेर रेलवे स्टेशन का नया भवन 9 नहीं  सिर्फ चार मंजिला बनेगा 

    बीकानेर। बीकानेर रेलवे स्टेशन के पुनरोद्धार का काम शुरुआत में  ही खटाई में पड़ गया है।  रेलवे प्रशासन ने जोर-शोर से प्रचारित किया कि बीकानेर रेलवे स्टेशन की बिल्डिंग को एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं वाला बनाया जाएगा। बीकानेर रेलवे स्टेशन की इमारत 9 मंजिला ऊंची होगी । इसमें 24 एस्केलेटर 57 लिफ्ट लगाई जाएगी। लेकिन यह मिथ्या है,  भ्रम फैलाया जा रहा है।  अपग्रेडेशन कार्य के दौरान यहां चार मंजिला भवन ही बनाया जाएगा और कितने एस्केलेटर और कितनी लिफ्ट लगेगी, यह तो भविष्य ही बताएगा लेकिन इतना तय है कि इनकी संख्या  81 नहीं होगी। बीकानेर रेलवे स्टेशन का 471 करोड़ रूपये की लागत से हो रहा मेजर अपग्रेडेशन का कार्य कछुआ गति से भी मंथर रफ्तार से चल रहा है। पिछले साल 8 अक्टूबर, 2024 को जोधपुर की एक फर्म ने काम शुरू किया था लेकिन अभी तक धरातल पर कुछ खास नहीं हुआ। सिर्फ सैकण्ड एंट्री की तरफ रेल म्यूजियम को डिस्मेंटल करके खुदाई शुरू की गई है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बीकानेर में अपग्रेडेशन कार्य समाप्त करने की तिथि 8 अक्टूबर 2027 है,  लेकिन एक साल बीतने के बावजूद काम ने गति नहीं पकड़ी है।
    ये काम होने हैं —
    –बीकानेर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को एयरपोर्ट की तर्ज पर स्तरीय बनाने के लिए 471 करोड़ रूपये की लागत से ‘‘अमृत भारत स्टेशन’’ योजना के तहत स्टेशन का मेजर अपग्रेडेशन का कार्य किया जा रहा है। 

    –इस योजना के तहत किए जाने वाले काम में बीकानेर स्टेशन मुख्य प्रवेश पर लगभग 26000 वर्ग मीटर तथा द्वितीय प्रवेश पर लगभग 17000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। 
    –स्टेशन पर 6 मीटर चौड़े दो फुट ओवरब्रिज (एक लालगढ़ के तरफ व एक देशनोक की तरफ) का निर्माण करवाया जाएगा।
    –पार्सल और सिटी क्रॉसिंग के लिए पृथक से एक फुट ओवर ब्रिज बनाया जाएगा l
     –स्टेशन पर भविष्य की क्षमता 77000 हजार यात्रियों को एक साथ यात्री सुविधा मिल सके, इस बात को ध्यान में रखकर अपग्रेडेशन किया जा रहा है l 
    — तकनीकी रेल कार्यों के संचालन के लिए 1200 केडब्ल्यूपी का सोलर प्लांट लगाया जाएगा l
    –इसके अतिरिक्त कचरे के प्रसंस्करण, वर्षा जल संचयन, फायर फाइटिंग सिस्टम जैसे संसाधन स्थापित किए जाएंगे ।
    –स्टेशन पर 36 मीटर चौड़ा (3528 वर्गमीटर) एयर कॉन्कोर्स एरिया का निर्माण किया जायेगा l यह एयर कॉन्कोर्स एरिया  प्लेटफ़ॉर्म सहित स्टेशन बिल्डिंग के दोनों छोरों को मिलाएगा l इस एयर कॉन्कोर्स एरिया में 720 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था के साथ ही,वाणिज्यिक दुकानें होंगी,केफेटेरिया,एग्जिक्यूटिव लोउंज,फ़ूड कोर्ट,पर्यटक सूचना केन्द्र,वेटिंग हॉल आदि सुविधाएँ उपलब्ध होंगी l 
    -स्टेशन पर बारात घर, ऑडिटोरियम, पार्सल,वाई-फाई, सीसीटीवी, एक्सेस कंट्रोल, वीडियो वॉल आदि कार्य किए जाएंगे।
    — स्टेशन पर पार्किंग सुविधा, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, संकेतक, शौचालय, बेगेज स्कैनर, मैटल डिटेक्टर व ट्रेन इन्डिकेटर इसके अलावा यात्री सूचना प्रणाली में सुधार के कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन डिस्पले बोर्ड्स, सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़े एलइडी स्क्रीन्स,पीए सिस्टम तथा जीपीएस आधारित डिजिटल क्लॉक आदि  आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है ।

    ” कितना मंजिला बनेगा, मुझे इस बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है, मैं सीनियर डीईएन (सी) से पता करके बताता हूं।”
    भूपेश यादव,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक,बीकानेर

  • दिल्ली-जैसलमेर रूणिचा एक्सप्रेस में लगेंगे एलएचबी कोच

    दिल्ली-जैसलमेर रूणिचा एक्सप्रेस में लगेंगे एलएचबी कोच

    जयपुर। दिल्ली-जैसलमेर-दिल्ली रूणिचा एक्सप्रेस रेलसेवा अब एलएचबी रैक से संचालित होगी। इससे यात्रियों को अपेक्षाकृत ज्यादा सीटे मिलेंगी।

    उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी शषि किरण के अनुसार गाड़़ी संख्या 14087/14088, दिल्ली-जैसलमेर-दिल्ली रूणिचा एक्सप्रेस दिल्ली से 09 दिसम्बर एवं जैसलमेर से 10 दिसम्बर से एलएचबी रैक से संचालित होगी।

    इस रेलसेवा में एलएचबी रैक के 01 फर्स्ट एसी, 01 सैकण्ड एसी, 03 थर्ड एसी, 05 द्वितीय शयनयान, 04 साधारण श्रेणी, 01 पॉवरकार श्रेणी व 01 गार्ड डिब्बे सहित कुल 16 डिब्बें होगें।

  • वैली क्वीन मीटर गेज हैरिटेज रेलगाड़ी चलेगी 31 मार्च तक


      जयपुर। मारवाड़ जंक्शन और खामली घाट के बीच चलने वाली वैली क्वीन मीटर गेज हैरिटेज रेलगाड़ी अब 31 मार्च 2026 तक चलेगी। विरासत संरक्षण वाली यह रेलगाड़ी पहले अक्टूबर 2025 तक ही चलाई जानी थी।

      रेलवे ने इस हैरिटेज रेलगाड़ी की संचालन अवधि में विस्तार कर दिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार गाडी
      संख्या 00961/00962, मारवाड़ जं.-खामली घाट-, मारवाड़ जं. वैली क्वीन मीटरगेज हैरिटेज रेलसेवा की संचालन अवधि 31 मार्च 2026 तक विस्तारित कर दी गई है।

    • जयपुर रेलवे स्टेशन पर ये चार रेल गाड़ियां रहेगी रद्द

      जयपुर रेलवे स्टेशन पर ये चार रेल गाड़ियां रहेगी रद्द

      जयपुर। जयपुर रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के अन्तर्गत स्टेशन यार्ड में एयर कोनकोर्स फेज 2 का कार्य प्रगति पर है। फेज 2 के अन्तर्गत विभिन्न तकनीकी कार्यो के लिए 09 नवम्बर से 12 दिसम्बर तक ब्लॉक लिया जा रहा है।

      जिसके कारण रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे ने चार रेलगाड़ियों को पूरी तरह से रद्द कर दिया है। इसी प्रकार 34 रेलों को आंशिक रद्द किया तथा रेलगाड़ियों को परिवर्तित रेलमार्ग से चलाया जाएगा।

      उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार प्रारम्भिक स्टेशन से रद्द रेलसेवाओ में निम्न रेलगाडियां शामिल है।

      23 नवम्बर को गाडी संख्या 14813, जोधपुर-भोपाल रेलसेवा, गाडी संख्या 14814, भोपाल-जोधपुर रेलसेवा और गाडी संख्या 19711, जयपुर-भोपाल रेलसेवा रद्द रहेगी। इसी प्रकार गाडी संख्या 19712, भोपाल-जयपुर रेलसेवा 24 नवम्बर को रद्द रहेगी।

    • जोधपुर-पटना साप्ताहिक स्पेशल रेल 11 अक्टूबर से

      जोधपुर-पटना साप्ताहिक स्पेशल रेल 11 अक्टूबर से

      जयपुर। रेलवे की ओर सवे यात्री यातायात को देखते हुए यात्रियो की सुविधा के लिए जोधपुर-पटना-जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जा रहा है।

      गाडी संख्या 04831, जोधपुर-पटना साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 11 अक्टूबर से 01 नवम्बर तक (04) ट्रिप जोधपुर से प्रत्येक शनिवार को शाम 16.05 बजे रवाना होकर जयपुर स्टेशन पर रात 21.30 बजे आगमन व 21.40 बजे प्रस्थान कर रविवार को शाम 16.15 बजे पटना पहुॅचेगी।

      इसी प्रकार गाडी संख्या 04832, पटना-जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 12 अक्टूबर से 02 नवम्बर तक (04 ट्रिप) पटना से प्रत्येक रविवार को शाम 17.45 बजे रवाना होकर सोमवार को जयपुर स्टेशन पर शाम 19.15 बजे आगमन व 19.25 बजे प्रस्थान कर मंगलवार को देर रात 01.00 बजे जोधपुर सिटी पहुॅचेगी।

    • हुबली-भगत की कोठी स्पेशल रेल की संचालन अवधि में विस्तार

      हुबली-भगत की कोठी स्पेशल रेल की संचालन अवधि में विस्तार

      जयपुर। रेलवे की ओर से अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए हुबली-भगत की कोठी (जोधपुर)-हुबली स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि में 05 ट्रिप का विस्तार किया जा रहा है।

      गाडी संख्या 07359/07360, हुबली-भगत की कोठी (जोधपुर)- हुबली स्पेशल रेलसेवा की संचालन अवधि में हुबली से 02 से 30 नवम्बर तक प्रत्ययेक सप्ताह (05 ट्रिप) एवं भगत की कोठी (जोधपुर) से 04 नवम्बर से 2 दिसम्बर तके (05 ट्रिप) विस्तार का किया जा रहा है।

    • जयपुर-बान्द्रा टर्मिनस के बीच सुपरफास्ट रेलगाड़ी 15 अक्टूबर से

      जयपुर-बान्द्रा टर्मिनस के बीच सुपरफास्ट रेलगाड़ी 15 अक्टूबर से

      जयपुर। आगामी त्यौहारों पर अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए जयपुर और बान्द्रा टर्मिनस के बीच सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जा रहा है।

      गाडी संख्या 09725, जयपुर-बान्द्रा टर्मिनस सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 15 से 29 अक्टूबर तक (03 ट्रिप) जयपुर से प्रत्येक बुधवार को शाम 16.05 बजे रवाना अगले दिन 12.00 बजे बान्द्रा टर्मिनस पहुॅचेगी।

      इसी प्रकार गाडी संख्या 09726, बान्द्रा टर्मिनस-जयपुर सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा 16 से 30 अक्टूबर तक (03 ट्रिप) बान्द्रा टर्मिनस से प्रत्येक गुरूवार को दोपहर 14.40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10.50 बजे जयपुर पहुॅचेगी।

    • अवध आसाम एक्सप्रेस का नारायणपुर स्टेशन पर ठहराव

      अवध आसाम एक्सप्रेस का नारायणपुर स्टेशन पर ठहराव

      बीकानेर। रेल यात्रियों की सुविधा के लिए डिब्रुगढ-लालगढ अवध आसाम एक्सप्रेस का नारायणपुर स्टेशन पर प्रायोगिक तौर पर आगामी आदेशों तक ठहराव शुरू किया जा रहा है।

      गाडी संख्या 15909, डिब्रुगढ-लालगढ एक्सप्रेस 12 सितम्बर से डिब्रुगढ से प्रस्थान करेगी वह नारायणपुर स्टेशन पर दिन में 11.52 बजे आगमन एवं 11.54 बजे प्रस्थान करेगी।

      इसी प्रकार गाडी संख्या 15910, लालगढ-डिब्रुगढ एक्सप्रेस 11 सितम्बर से लालगढ से प्रस्थान करेगी वह नारायणपुर स्टेशन पर सुबह 10.30 बजे आगमन एवं 10.32 बजे प्रस्थान करेगी।

    • सेवा शिविरों में धूमधाम से मनाया बाबा रामदेव का जन्मदिन

      सेवा शिविरों में धूमधाम से मनाया बाबा रामदेव का जन्मदिन

      बीकानेर। मेले मगरियों के महीने भादवे में जंगल में मंगल है। बीकानेर से रामदेवरा रोड पर बड़ी संख्या में पैदल यात्रियों की धूम है और इन पैदल यात्रियों की सेवा के लिए भण्डारे लगे हुए है। भादवे की द्वितीया यानी बीज पर सोमवार को बाबा रामदेव का जन्मदिन मनाया गया। सेवा शिविरों में केक काटे गए और विशेष श्रंगार किया गया।

      बीकानेर से 90 किलोमीटर माइल स्टोन पर नोाखड़ा में भीनासर की श्री सर्व सेवा समिति भीनासर का भण्डारा 21 अगस्त से चल रहा है। भादवा सुदी बीज पर सोमवार को रामसापीर का जन्मदिन बहुत ही हर्ष और उल्लास से मनाया गया। इस मौके पर बाबा का दरबार सजाया गया। समिति के सेवादार विकास सेठिया के नेतृत्व में केक काटा गया और श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। विकास सेठिया ने बताया कि बाबा के जन्मदिन होने पर आज सेवा कार्यकर्ताओं में दुगुना जोश था। शाम को आरती के समय पैदल यात्रियों जमकर जयकारे लगाए। इस मौके पर पैदल यात्रियों के लिए विशेष पकवान बनाए गए।

      बीकानेर से 87 किलोमीटर माइल स्टोन पर ओम नम शिवाय सेवा और बाबो भली करे सेवा समिति के भण्डारे में बाबा रामदेव का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। शिविर में स्थापित अस्थायी मंदिर को गुब्बारों व रंगबिरंगी फर्रियों से सजाया गया। समिति के सेयवादार हरिकिशन भाटी फड़बाजार ने बताया कि केक का वितरण भक्तों में किया गया।

    • वीर बजरंगी मित्र मण्डल की सेवा नौरंगदेसर से 2 किमी पहले

      वीर बजरंगी मित्र मण्डल की सेवा नौरंगदेसर से 2 किमी पहले

      बीकानेर। भादवे के महीने में इन दिनों मेले मगरियों का जोर है। बीकानेर से बड़ी संख्या में लोग पैदल यात्रा करते हैं। इन दिनों बीकानेर से जैसलमेर रोड पर भक्तों की जबरदस्त भीड़ है और यह भीड़ इस रूट पर अगले 2-3 दिन तक और चलेगी। भादवे में रुणिचा मेले के बाद बाबा पूनरासर मेला और कोडमदेसर में भेरुनाथ का मेला भरेगा। मेला चाहे रामदेवरा का हो, पूनरासर या कोडमदेसर का हो, बीकानेर के लोग सेवा करने में पीछे नहीं रहते। अब पूनरासर मेले की तैयारियां शुरू हो गई है। बड़ी संख्या में संस्थाएं पैदल यात्रियों के लिए भंडारा लगाएगी। इसी कड़ी में वीर बजरंगी मित्र मण्डल सेवा समिति की ओर से नौरंगदेसर के पास सेवा शिविर लगाया जाएगा, जिसमें चाय , नाश्ता भोजन,ठण्डा पानी और विश्राम की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

      वीर बजरंगी मित्र मण्डल सेवा समिति के कार्यकर्ता दिन-रात तैयारी में जुटे हुए हैं। समिति के सेवादार करणी सिंह भाटी और प्रमेन्द्र अग्रवाल बाबू भाई के नेतृत्व में मंगलवार को सेवा स्थल की सफाई कर टैंट लगा दिया गया। साथ ही मिठाई बनाने का काम शुरू कर दिया गया।

      समिति के सेवादारों को जत्था 27 अगस्त को बीकानेर से रवाना होगा और जयपुर रोड पर सांखला पेट्रोल पंप के ठीक सामने अपना सेवा शिविर लगाएगा। यह सेवा शिविर दो दिन 27-28 अगस्त तक चलेगा।