शहडोल और नागपुर को मिली सौगात
-रेल संदेश डेस्क-
शहडोल। शहडोल से नागपुर के बीच नई ट्रेेन शुरू हुई है। गाडी संख्या 11201/11202 नागपुर से सुबह 8 बजे रवाना होकर उसी दिन रात को 10 बजे शहडोल पहुंचेगी। शहडोल से यह गाडी सुबह 5 बजे रवाना होगी और शाम 6 बजे नागपुर पहुंचेगी। आज एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जाने वाली यात्री ट्रेन काे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर चौहान ने कहा कि इस ट्रेन से नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा होगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस रेल से प्रदेश का यह जनजातीय बहुल जिला सीधे नागपुर से जुड़ेगा। इसका बड़ा लाभ हमें विकास में मिलेगा, फसलों का उत्पादन विशेष रूप से अन्न का व्यापार बढ़ेगा। शहडोल-अनूपपुर-उमरिया को नई रेल का लाभ मिलेगा। क्षेत्र की जनता इस उपलब्धि के लिए बधाई की पात्र है।
चौहान ने कहा कि शहडोल में जल्द ही अत्याधुनिक एयरपोर्ट का निर्माण होगा। एयरपोर्ट के बिना निवेश आने में कठिनाई होती है। एयरपोर्ट आने से क्षेत्र में बड़े कल कारखाने लगने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि विकास और जनता के कल्याण में हम कोई कसर नहीं रहने देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हजारों करोड़ रुपयों की लागत के रेलवे प्रोजेक्ट संचालित हो रहे हैं। वर्ष 2023-24 के बजट में प्रदेश को 13 हजार 607 करोड़ रुपए रेलवे के विकास के लिए मिले हैं। प्रदेश में प्रमुख रेलवे स्टेशनों का विकास विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में हमारी सरकार प्रतिबद्धता और सक्रियता के साथ कार्य करती रही है। शहडोल को संभाग बनाया गया। यहां मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, विश्वविद्यालय, आईटीआई की व्यवस्था की गई। प्रदेश का विकास मेरी जिंदगी का मिशन है, इसी भावना के अनुरूप प्रदेश में लगातार विकास की गतिविधियां जनता को समर्पित की जा रही हैं।