vande bharat exp. : दिल्ली से कटरा अगले महीने

-आठ घंटे में दूरी तय करेगी
राजेन्द्र एस. (delhi bureau)

नई दिल्ली। दिल्ली और कटरा के बीच बहुप्रतीक्षित वंदे भारत एक्सप्रेस(vande bharat exp.) संभवत: अगले महीने से पटरियों पर दौड़ेगी। हफ्ते में तीन दिन चलने वाली इस वंदे भारत एक्सप्रेस (vande bharat exp.) को राष्ट्रीय राजधानी से कटरा पहुंचने में आठ घंटे का समय लगेगा। सूत्रों ने सोमवार को बताया कि दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस के लिए दिल्ली कटरा मार्ग का चुनाव रेलवे बोर्ड ने बड़ी तादाद में वैष्णों देवी मंदिर में दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए किया है। उच्च गति वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (vande bharat exp.) से दिल्ली और कटरा के बीच यात्रा में लगने वाला समय 12 घंटे से कम होकर आठ घंटा रह जाएगा। वैष्णों देवी जाने के लिए अंतिम रेलवे स्टेशन कटरा है जहां जाने में अभी 12 घंटे का वक्त लगता है। 130 किलोमीटर की स्पीड: पहली वंदे भारत एक्सप्रेस या ट्रेन 18 की शुरूआत दिल्ली वाराणसी मार्ग पर हुई थी। सूत्रों ने बताया कि यह ट्रेन हफ्ते में तीन दिन चलेगी जिसे पांच दिन तक के लिए बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने बताया, दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस अभी सोमवार, गुरूवार और शनिवार को चलेगी। हालांकि, इसकी मांग को देखते हुए हम इसे दो और दिन बढ़ा सकते हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस (vande bharat exp.) दिल्ली से सुबह छह बजे रवाना होगी और दोपहर दो बजे कटरा पहुंचेगी। वापसी में यह उसी दिन कटरा से तीन बजे चलेगी और रात 11 बजे दिल्ली पहुंचेगी। अधिकतम 130 किलोमीटर की गति चलने वाली यह ट्रेन दिल्ली से चलने के बाद और कटरा पहुंचने से पहले अंबाला, लुधियाना और जम्मूतवी में दो दो मिनट के लिए रूकेगी। उल्लेखनीय है कि वंदे भारत एक्सप्रेस अत्याधुनिक सुविधाओ से युक्त है। दिल्ली से वाराणसी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस सफलतापूर्वक चल रही है।