सुरक्षा लिहाज से पिछले चार दशक में रेलवे का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

नई दिल्ली। सुरक्षा के लिहाज से भारतीय रेल ने 2018-19 में पिछले करीब चार दशक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। आंकड़ों के अनुसार 2018-19 में 59 रेल दुर्घटनाएं हुईं जबकि 1980-81 में यह संख्या 1130 थी। इस प्रकार दुर्घटनाओं की संख्या में करीब 94.8 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। इस अवधि के दौरान मृतकों की संख्या 658 से घटकर 37 रह गई। पिछले साल 2017-18 में 73 रेल दुर्घटनाएं हुई थीं। सुरक्षा संबंधी अंतरराष्ट्रीय मानक प्रति दस लाख किलोमीटर पर
रेल दुर्घटनाएं के लिहाज से भी इस दौरान उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

प्रति दस लाख किमी पर ०.०६ दुर्घटना

एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार प्रति दस लाख किलोमीटर पर ट्रेन दुर्घटनाएं के लिहाज से 1981-82 में यह संख्या 2.20 थी जो 2018-19 में 0.06 रह गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 1990 से 95 के बीच हर साल औसतन 500 से ज्यादा हादसे हुए। उस पांच साल के दौरान करीब 2400 लोगों की मौत हुई जबकि 4300 लोग घायल हुए। करीब एक दशक बाद यानी 2013-18 के दौरान हर साल औसतन 110 दुर्घटनाएं हुईं।