all women station : इस स्टेशन पर कार्यरत है केवल महिला कर्मचारी

all women station

-गुंड्ला पोचमपल्ली केवल महिला कर्मचारी स्टेशन (all women station)

-रेल संदेश डेस्क-
सिकंदराबाद। सिकंदराबाद-मेड्चल सेक्शन के उप-नगरीय रेलवे स्टेशनों में से एक स्टेशन है- गुंड्ला पोचमपल्ली। इस रेलवे स्टेशन को ‘ केवल महिला कर्मचारी स्टेशन’ (all women station )घोषित किया गया है। गुंड्ला पोचमपल्ली रेलवे स्टेशन पर गाड़ी प्रचालन, तकनीशियन, टिकटिंग, सुरक्षा और अन्य संबंधित ड्यूटियों सहित सारी दैनिक गतिविधियों को संभालने के लिए केवल महिला कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इस स्टेशन का सभी काम केवल महिला कर्मचारी ही करेंगी। दक्षिण मध्य रेलवे फील्ड कार्यों में महिला कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें उत्कृष्टता प्राप्त करने के अवसर प्रदान करने में हमेशा अग्रणी रही है। महिला कार्यबल को अधिक सशक्त बनाने और उनके मनोबल को बढ़ाने हेतु अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुंड्ला पोचमपल्ली रेलवे स्टेशन को सभी महिला स्टेशन (all women station ) घोषित किया गया है।

all women station 1

इसी प्रयास की दिशा में अब तक दमरे पर पांच रेलवे स्टेशन पहले से ही केवल महिला स्टेशनों के रूप में कार्य कर रहे हैं, वे हैं- सिकंदराबाद मंडल का बेगमपेट रेलवे स्टेशन, जो हैदराबाद शहर के सबसे व्यस्ततम स्टेशनों में से एक है, हैदराबाद मंडल का विद्यानगर स्टेशन, विजयवाड़ा मंडल का रामवरपाडु रेलवे स्टेशन, गुंटूर मंडल का न्यू गुंटूर रेलवे स्टेशन और गुंटकल मंडस का चंद्रगिरी रेलवे स्टेशन। इन सभी स्टेशनों पर सभी काम केवल महिला कर्मचारी ही सम्भाल रही है।
इसके अलावा, महिला कर्मचारी लोको पायलट, स्टेशन मास्टर, ट्रैक मेंटेनर जैसे महत्वपूर्ण ड्यूटियों को प्रभावी ढंग से पुरुष कर्मचारियों के बराबर संभाल रही हैं। इन क्षेत्रों में महिला कर्मचारियों की संख्या इस प्रकार है, लोको पायलट – 53; स्टेशन मास्टर- 64 और ट्रैक मेंटेनर- 837 हैं।
इतना ही नहीं, दक्षिण मध्य रेलवे की महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मैचों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए संगठन का नाम रोशन कर रही हैं। यह जोन महिला खिलाड़ियों को उनके अभ्यास और आवास के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान करते हुए प्रोत्साहित कर रही है।
दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक संजीव किशोर ने दमरे पर हो रही महिला सशक्तिकरण गतिविधियों पर हर्ष व्यक्त किया और कहा कि इस तरह की पहल से महिला कर्मचारियों के आत्मविश्वास को और बढ़ाने में मदद मिलेगी।